वाघासिया टोल प्लाजा पर दबंगई: बैरियर तोड़ा, टोल कर्मी से मारपीट

वाघासिया टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27), गुजरात के वाघासिया टोल प्लाजा पर देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक वाहन चालक ने न केवल टोल नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं, बल्कि टोल कर्मचारी के साथ मारपीट कर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 00:25 बजे एक LMV कमर्शियल वाहन (नंबर: GJ10TY0847), जिसे संजय सिंह (निवासी: वाघासिया) चला रहा था, ने टोल लेन के बूम बैरियर को तेज रफ्तार में टक्कर मारकर तोड़ दिया और बिना टोल शुल्क चुकाए फरार हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि कुछ समय बाद आरोपी चालक वापस टोल प्लाजा पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात टोल कलेक्टर अरुण सिरसागर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके चेहरे पर थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, उसने अन्य कर्मचारियों को भी धमकाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
इस घटना में टोल प्लाजा की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, साथ ही कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।