
भारत विकास परिषद जानकी वल्लभ शाखा द्वारा वृद्धाश्रम में सेवा कार्य, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद
भारत विकास परिषद जानकी वल्लभ शाखा, ग्रेटर नोएडा द्वारा पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर दनकौर स्थित वृद्धाश्रम में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाखा की अध्यक्षा श्रीमती अनुपमा पुंडीर के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्य का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ एवं निराश्रित नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और सेवा भाव को सशक्त करना था।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों को चादर, चप्पल, बिस्किट, नमकीन, जूस, चिप्स, लस्सी एवं फल वितरित किए। इस अवसर पर सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को सुना तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सेवा कार्य के साथ-साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण बना रहा।
शाखा अध्यक्षा अनुपमा पुंडीर ने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद अपने मूल मंत्र “सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण” को साकार करने के लिए समय-समय पर ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन करती रहती है।
कार्यक्रम में अनिल तायल, सुषमा पुंडीर, निम्मी मित्तल, मंजू राघव, रंजना शर्मा, रेनू ठाकुर, किशन सिंह ठाकुर, नीतू सिंह, जयमाला गर्ग, अनीता दत्त सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने वृद्धजनों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।





