जानकी बल्लभ शाखा के पर्यावरण अभियान के तहत फल वाटिका एवं श्मशान भूमि में हुआ पौधारोपण

कासना। भारत विकास परिषद की जानकी बल्लभ शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार प्रातः फल वाटिका निर्माण एवं श्मशान भूमि परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाखा के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

शाखा संरक्षक तायल जी के मार्गदर्शन एवं भरत अग्रवाल के विशेष सहयोग से आयोजित इस अभियान को सफल बनाने में सोनू भडाना, अतुल सेंगर, उदय वीर, पुष्पेंद्र, प्रवीन भाटी सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण संयोजिका अंशुमा धीरेंद्र सिंह राजावत एवं नीतू सिंह के नेतृत्व में किया गया।

शाखा अध्यक्ष अनुपमा पुंढीर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे सामूहिक प्रयास न केवल प्रकृति के संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने सभी सहयोगियों के सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और सहभागिता के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में जुड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *