मेरठ पुलिस ने किया हत्या का खुलासा।

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुई व्यापारी की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। आरोपियों ने बताया कि पार्टी में व्यापारी ने एक आरोपी से अपने उधारी के पैसे वापस मांगे थे। जिसे लेकर हुई बहस के बाद उन्होंने व्यापारी की हत्या कर दी।

एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने पुलिस लाइन में संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। अधिकारियों ने बताया कि जानी थाना क्षेत्र के कुराली गांव का रहने वाला नरेश शर्मा उर्फ गोलू अड्डे के पास कन्फेक्शनरी की दुकान करता था। शनिवार की शाम बदमाशों ने नरेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। नरेश की पत्नी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने कुराली गांव के रहने वाले हर्ष उर्फ हरसू और उसके साथी आशीष को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वह दोनों नरेश के साथ उसकी दुकान में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नरेश ने कोरोना काल में आशीष को उधार दी गई 45 हजार की रकम में से बकाया बची 18 हजार की रकम वापस मांगी। जिसे लेकर दोनों की कहा-सुनी हो गई। इसी दौरान आशीष ने अंटी से पिस्टल निकाल कर नरेश पर गोली चला दी और उसकी मौत हो गई। दोनों आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *