
प्रधान के घर फायरिंग कांड में पुलिस की मुठभेड़, बदमाश आशीष गोली लगने से घायल
मेरठ के थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में तीन दिन पहले पाली गांव की प्रधान सरिता के घर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात आरोपी बदमाश आशीष उर्फ आशु के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। बदमाश को गिरफ्तारी के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह मामला तब सामने आया था जब तीन दिन पहले रात करीब 2 बजे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रधान सरिता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। फायरिंग की इस घटना से गांव में दहशत का माहौल था। मामले में नामजद बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

बुधवार को पुलिस आरोपी आशीष को घटना में इस्तेमाल किए गए असलाह की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें गोली आशीष के पैर में लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।
मुठभेड़ में हस्तिनापुर थाना पुलिस के साथ एसओजी/स्वाट टीम देहात की संयुक्त भूमिका रही। टीम ने बदमाश के कब्जे से अवैध असलाह भी बरामद कर लिया है, जो प्रधान के घर फायरिंग में इस्तेमाल होने की पुष्टि की जा रही है।
एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज गंभीर मामले की जांच का हिस्सा थी। आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पाली गांव में घटना के बाद से tense माहौल अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, लेकिन ग्रामीण अब भी कड़ी निगरानी और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।





