
चिरपिंग स्पैरोज़ प्लेस्कूल का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित
चिरपिंग स्पैरोज़ प्लेस्कूल, सुपर मार्ट (इको विलेज-2) द्वारा किंडरगार्टन और कक्षा 1 के विद्यार्थियों के लिए भव्य दीक्षांत एवं ग्रेजुएशन समारोह का आयोजन ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यूकेजी की छात्रा रेनाया सिन्हा द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना से हुआ, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया, जिससे वातावरण उत्साह और खुशी से भर गया। छोटे-छोटे विद्यार्थी जब कैप और गाउन पहनकर मंच पर पहुंचे तो उनका आत्मविश्वास देखने लायक था। बच्चों ने नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राधिका गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। वहीं मुख्य अतिथि पूजा कपूर, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर, ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद म्यूजिक क्लास के विद्यार्थियों ने राहुल गौतम सर के निर्देशन में एक मधुर वाद्य यंत्र प्रस्तुति दी, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में चार चांद लगाते हुए चिरपिंग स्पैरोज़ की बालिकाओं ने सरिता कुमारी और पल्लवी चौहान मैम के निर्देशन में सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘ग्रेजुएशन वॉक’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने तालियों की गूंज के बीच अपने प्रमाण पत्र प्राप्त किए। पूरे कार्यक्रम का संचालन मयूरी जैन और सरिता कुमारी मैम ने शानदार ढंग से किया।
अंत में चिरपिंग स्पैरोज़ के फाइनेंस हेड रोहित तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन समूह फोटो के साथ हुआ, जो इन नन्हे विद्यार्थियों के जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव की यादगार बन गया।






