
मेरठ में बीच सड़क पर महिला दरोगा की दबंगई, कार सवार से अभद्रता का वीडियो वायरल।
मेरठ में एक महिला दरोगा की दबंगई और बदसलूकी का मामला सामने आया है जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सदर बाजार थाना क्षेत्र के बॉम्बे बाजार एक महिला दरोगा ने कार सवार से बीच सड़क पर अभद्रता करते हुए हंगामा कर दिया। ये विवाद कार को साइड न देने को लेकर शुरू हुआ था।
वायरल वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि सरे बाजार भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम के कारण सड़क पर कई वाहन खड़े हुए थे। इसी दौरान महिला दरोगा कार से उतरकर आगे जाती हैं और कार सवार को धमकाने लगती हैं। आरोप है कि इस दौरान दरोगा ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कार सवार युवक भी वाहन से उतरकर विरोध जताता है और सवाल करता है कि उससे इस तरह बात क्यों की जा रही है।
घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दिख रही महिला दरोगा का नाम रतना राठी है जो कि अलीगढ़ में तैनात हैं। सरकारी कार्य से मुजफ्फरनगर गई थीं और लौटते समय मेरठ से गुजर रही थीं। सीओ ने कहा कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।





