दो भाइयों के झगड़े के दौरान एक भाई ने खुद को मारी गोली, पुलिस को किया गुमराह, जांच में पुलिस ने किया घटना का खुलासा।

मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में दो भाइयों में आपसी विवाद के बाद एक ने तमंचा निकाला और खुद के सीने पर रखकर गोली मार ली। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे हास्पिटल में भर्ती कराया। परिवार ने पुलिस को बाइक सवार दो दोस्तों के गोली मारने की बात कहते हुए उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस ने जांच की तो मामला संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर परिजनो ने सच्चाई स्वीकार कर ली। क्षेत्र के रहने वाले करन शर्मा इंचौली में फैक्ट्री में काम करता है। बुधवार को करन काम से दोपहर में ही घर आ गया था।

बताया जाता है कि इसी दौरान उसका वेतन को लेकर भाई शिवम से झगड़ा हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि करन ने तमंचा निकालकर भाई पर तान दिया। शिवम उसे पकड़ने लगा तो उसने तमंचा सीने से सटाया और खुद को गोली मार ली। गोली चलते ही परिजनो ने शोर मचा दिया कि करन के दोस्त कंकरखेड़ा निवासी दोस्त अक्षय व अर्जुन बाइक से आए और उसे गोली मारकर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच पड़ताल की। पुलिस को परिजनों ने बताया कि करन का 20 दिन पहले अक्षय व अर्जुन से झगड़ा हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने करन को गोली मारी है। पुलिस ने आसपास की फुटेज चेक की तो इसमें बताए गए समय पर कोई बाइक आती-जाती दिखाई नहीं दी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घर के अंदर जांच की। वहां खून दिखाई दिया।

इसी दौरान वाशिंग मशीन में खून से सनी चादर व कपड़े मिले। पुलिस ने करन के परिजनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सच्चाई पुलिस को बता दी। सीओ ने तत्काल शिवम को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर घर के बाहर फेंका गया तमंचा भी बरामद कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि घायल करण ने खुद को गोली मारने की बात स्वीकार की है।

आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ