खरखोदा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 1 की मौत, 20 घायल।

मेरठ के खरखोदा थाना क्षेत्र के मेरठ-हापुड़ हाईवे पर देर रात एक सड़क हादसा हुआ। एनसीआर मेडिकल कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिससे पिकअप में सवार एक महिला की मौत हो गई और लगभग 20 लोग घायल हो गए।
मृतका की पहचान सरधना के मानपुरी गांव निवासी सुरेश पत्नी बबलू के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क किनारे पलट गई। सभी घायलों को नजदीकी एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलते ही खरखोदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग स्याना से अपने गांव मानपुरी, सरधना लौट रहे थे। यह हादसा ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ बताया जा रहा है। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर सुचारू कराया।

बाइट – राघवेंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मेरठ