एमएलए पंकज सिंह ने रोमानो निवासियों को भरोसा दिलाया, डीसीपी से बात कर जल्द समाधान का दिया आश्वासन

सेक्टर 118 स्थित रोमानो सोसाइटी में निवासियों और YG Estate के बीच लंबे समय से चल रहा गतिरोध पिछले दो हफ्तों से भी सुलझ नहीं पाया है। लगातार बैठकों और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

करीब दो सप्ताह पहले पुलिस की मौजूदगी में हुई बैठक में YG Estate मेंटेनेंस कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जब तक IRP (इंसॉल्वेंसी रिज़ॉल्यूशन प्रोफेशनल) की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं होता, तब तक CAM (कॉमन एरिया मेंटेनेंस) शुल्क को बिजली के प्रीपेड मीटर के माध्यम से नहीं वसूला जाएगा। हालांकि, इन निर्देशों के बावजूद YG Estate द्वारा अब भी CAM शुल्क बिजली मीटर के जरिए ही वसूला जा रहा है।

इस मनमानी के कारण रोमानो सोसाइटी के निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए निवासी लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं और डीएम मेधा रूपम से भी मिलकर न्याय की मांग कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज एआर सर्वेश कुमार की मौजूदगी में सोसाइटी के कई निवासी स्थानीय विधायक पंकज सिंह से मिले। निवासियों ने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। इस पर विधायक पंकज सिंह ने तुरंत डीसीपी साद मियां खान से बातचीत कर मामले में हस्तक्षेप करने और निवासियों के हित में उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

डीसीपी साद मियां खान ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एक बैठक आयोजित कर इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा और निवासियों को राहत दिलाई जाएगी।

इस पहल के बाद रोमानो सोसाइटी के हजारों निवासियों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि प्रीपेड बिजली मीटर के जरिए CAM शुल्क की वसूली से उन्हें जल्द राहत मिल सकती है।