ध्वस्तीकरण के दौरान पत्रकारों से मारपीट, मेरठ विकास प्राधिकरण टीम पर गुंडई के आरोप।

मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की टीम अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ कथित तौर पर प्रवर्तन दल के सदस्यों ने मारपीट कर दी।

बताया जा रहा है कि एमडीए की टीम मवाना इलाके में अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनी को गिराने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पत्रकार जब इस पूरी कार्यवाही को कैमरे में कैद कर रहे थे, तभी प्रवर्तन टीम के कुछ सदस्यों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि बात बढ़ने पर पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पत्रकारों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई है।