नोएडा में ‘टेबल पंचांग’ का भव्य विमोचन, भारतीय संस्कृति और वैज्ञानिक परंपरा पर दिया जोर

नोएडा सेक्टर-62 स्थित प्रेरणा मीडिया समूह संस्थान में देश के पहले “टेबल पंचांग” का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंचांग के निर्माता श्याम सुंदर पाठक ने अपनी नई पहल को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप रंजन, आज तक के वरिष्ठ एंकर संदीप असारी, वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी राजीव नारायण मिश्रा (एडिशनल पुलिस कमिश्नर, नोएडा) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पंचांग की वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में भारतीय मनीषियों ने अत्यंत सटीक गणनाओं के आधार पर पंचांग का निर्माण किया, जो आज भी प्रासंगिक है। वक्ताओं ने इस बात पर चिंता जताई कि आधुनिक तकनीक के दौर में लोग बिना तथ्य जांचे सूचनाओं पर विश्वास करने लगे हैं, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।
वरिष्ठ पत्रकार संदीप असारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए और अपनी परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। वहीं आईपीएस अधिकारी राजीव नारायण मिश्रा ने भारतीय संस्कृति की महत्ता को बताते हुए कहा कि हमारी परंपराएं ही हमें सही दिशा दिखाती हैं और जीवन में संतुलन बनाए रखने में मदद करती हैं।
पंचांग निर्माता श्याम सुंदर पाठक ने बताया कि यह “टेबल पंचांग” आम जनमानस के लिए सरल भाषा में तैयार किया गया है, जिससे लोग आसानी से शुभ मुहूर्त, त्योहारों और अन्य महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पंचांग न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि वैज्ञानिक आधार पर भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन गौरव ललित शर्मा ने किया। इस अवसर पर राजू सिंह, अधिवक्ता अतुल शर्मा, आरती शर्मा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।