मेरठ में स्कूल संचालक से मांगी 10 लाख की रंगदारी।
मेरठ के एक स्कूल संचालक को धमकी भरा ईमेल भेजकर 10 लाख रुपए की रंगारी मांगी गई है। स्कूल संचालक राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव के साथ ही कई संस्थाओं से जुड़े हैं। ईमेल के साथ एक ऑडियो क्लिप के अलावा कुछ हथियारों के फोटोग्राफ्स भी भेजे गए हैं। जिस अकाउंट नंबर से पैसे मांगे गए हैं वह कर्नाटक बैंक का बताया जा रहा है।
शास्त्री नगर जी ब्लॉक में कवल जीत सिंह का द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल है। बुधवार शाम वह अपना ईमेल चेक कर रहे थे, इसी दौरान एक अनजान ईमेल आईडी से आए लिंक को उन्होंने खोल दिया। उस लिंक में हथियारों के कुछ फोटो के अलावा एक ऑडियो क्लिप थी। बदमाशों ने इस ऑडियो क्लिप के माध्यम से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी।
कवल जीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम वह रूटीन में अपने स्कूल का इ-मेल चेक कर रहे थे। सुबह 9:57 से 10:00 के बीच उन्हें अंजान ईमेल आईडी से तीन ईमेल दिखाई दिए। ईमेल चेक किया तो वह हैरान रह गए। यह रंगदारी से जुड़ा ईमेल था जिसमें उनसे 10 लाख रुपए मांगे गए थे। दूसरे ईमेल में हिंदी में लिखा धमकी भरा पत्र था। जबकि तीसरी ईमेल में एक ऑडियो क्लिप और हथियारों के कुछ फोटो थे।

पीरिंसीपल साब बहुत पैसे कमा लिए अब थोड़ा दान करने के बारी है। दस लाख रुपए चाइए तेरे से, नहीं तो इतनी गोली मारेंगे, समझ में तेरे। आवे नही, हमने तेरी सारी जन्मकुंडली निकलवा ली है। तूने बहुत पैसे कमा लिए अब चुपचाप पैसे दे देना, नहीं तो इस दुनिया से जाते रहोगे, पैसे नही मिलने पर हमारी गोली तेरा इंतजार कर रही है, पुलिस मै जाने की कोसिस करोगे तो ट्रेलर जल्दी दिखा देते, सोच लेना क्या करना हैं तेरे को, जिससे पैसे मेने मांगे है उसको पैसे देने पंडे है जल्दी बता दूंगा तेरे को पैसे कहा भेजने हैं।
कवल जीत सिंह को भेजे गए ईमेल की खास बात यह है कि उसको सिस्टमैटिक तरीके से भेजा गया है। पहले धमकी भरा हिंदी में लिखा पत्र है, जिसमें ढेरों गलतियां हैं। इसके बाद दूसरे लिंक में हथियारों वाली फोटो और एक पेपर पर लिखा हुआ अकाउंट नंबर 2702500100872701 है। यह अकाउंट नंबर भी अपने आप में अनोखा है। कर्नाटक बैंक का यह अकाउंट नंबर है लेकिन बदमाशों में उसकी भी स्पेलिंग मिस्टेक की हुई है। तीसरे लिंक में एक ऑडियो क्लिप है जिसके माध्यम से यह धमकी दी गई है।
कवल जीत सिंह, चेयरमैन





