प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय दौरा, 8वें वंदे भारत की सौगात के लिए काशी तैयार

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री 7 नवंबर को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कार्यक्रम की रिहर्सल की। रिहर्सल बरेका (Banaras Locomotive Works) में बनाए गए विशेष हेलीपैड पर किया गया, जहाँ पीएम का मुख्य ठहराव रहेगा।

दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री बरेका में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और स्थानीय प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठकें भी निर्धारित हैं। वहीं, दौरे के दूसरे दिन यानी 8 नवंबर को प्रधानमंत्री वाराणसी को वंदे भारत ट्रेन की नई सुविधा की सौगात देंगे। पीएम मोदी वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम में शामिल होकर वाराणसी से खूजराहो के लिए चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएँगे।

यह वाराणसी को मिलने वाली 8वीं वंदे भारत ट्रेन होगी, जिससे पूर्वांचल, बुंदेलखंड और मध्य भारत के बीच यात्रा और भी सुगम होने की उम्मीद है। ट्रेन के शुभारंभ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री रेलवे स्टेशन पर लगभग 5 हजार लोगों को संबोधित करेंगे। इसके लिए स्टेशन परिसर, प्रवेश मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रेलवे, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने स्टेशन से लेकर रूट तक सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस ने रूट डायवर्जन की तैयारी की है, जबकि RPF और जिला प्रशासन ने crowd management की कमान संभाली है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा वाराणसी में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा और यातायात-सुविधा सुधार का एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।