नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75.57 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

थाना बीटा-2 पुलिस ने 75.57 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाया है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 19 मार्च 2024 का है, जब आरोपी ने धोखाधड़ी कर एक वादी से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क साधा और ITGS ट्रांजेक्शन के जरिए वादी के बैंक खाते से 75.57 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। वादी की शिकायत पर थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0-104/2024, धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलन करते हुए आरोपी गणेश सूर्यकान्त ओटी पुत्र सूर्यकान्त निवासी राजूरी, पुणे (महाराष्ट्र) की पहचान की। इसके बाद टीम ने लगातार सुराग जुटाते हुए 31 अक्टूबर 2025 को आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया।

थाना बीटा-2 पुलिस के मुताबिक, अब तक वादी को लगभग 47 लाख रुपये वापस कराए जा चुके हैं। बाकी धनराशि की रिकवरी और अन्य कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने तकनीकी माध्यमों का दुरुपयोग कर बड़ी रकम ठग ली थी, लेकिन साइबर टीम और बीटा-2 थाना पुलिस की सतर्कता से यह सफलता मिली।

यह गिरफ्तारी नोएडा पुलिस की साइबर अपराधों के खिलाफ जारी मुहिम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।