99 रुपये वाली दुकान पर शराब के नशे में सिपाही का उत्पात, कैमरे में कैद हुई अभद्रता
सीतापुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शराब के नशे में धुत एक पुलिस सिपाही ने इलाके की एक “99 रुपये हर सामान वाली दुकान” पर पहुँचकर न सिर्फ वर्दी का रौब दिखाया, बल्कि दुकानदार के साथ अभद्रता भी की। पूरे घटनाक्रम की आवाज़ दुकान में लगे वॉइस रिकॉर्डिंग कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा में है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम पुलिस विभाग में तैनात उक्त सिपाही दुकान में पहुँचा और नशे की हालत में दुकानदार से पूछताछ शुरू कर दी। उसने जानना चाहा कि दुकान में क्या-क्या सामान मिलता है। दुकानदार ने सामान्य रूप से जवाब देते हुए बताया कि घरेलू उपयोग से लेकर छोटे इलेक्ट्रॉनिक आइटम तक लगभग सभी सामान उपलब्ध हैं।
इसी बीच सिपाही ने अचानक सोने की चैन लाने की मांग कर दी। दुकानदार ने बताया कि दुकान पर ऐसा कोई कीमती आभूषण उपलब्ध नहीं है। बताया जा रहा है कि इतना सुनते ही सिपाही भड़क गया और नशे में धुत अवस्था व वर्दी के रौब में उसने दुकानदार से बदसलूकी शुरू कर दी। उसने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसकी रिकॉर्डिंग दुकान के अंदर लगे कैमरे में कैद हो गई।
दुकानदार का कहना है कि वह घटना से डरा हुआ है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि वर्दी में इस तरह की हरकत पुलिस की छवि को धूमिल करती है, इसलिए तत्काल सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँच चुका है और सिपाही के खिलाफ विभागीय जाँच की तैयारी की जा रही है। घटना का वीडियो और ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद आम जनता में भी नाराजगी देखी जा रही है।





