लगातार बढ़ती ठंड में गरीबों के लिए मसीहा बना किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा
मेरठ में लगातार बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। रात के समय कोहरे की घनी चादर ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी उन गरीब और बेघर लोगों को हो रही है जिनके पास न तो छत है और न ही गर्म कपड़ों का पर्याप्त इंतजाम। मजबूरी में ये लोग सड़कों और फुटपाथों पर ही रात बिताने को विवश हैं। लेकिन इसी कड़ाके की ठंड में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जरूरतमंदों के लिए मसीहा बनकर सामने आते हैं।
किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीटू गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस कड़ाके की ठंड में मानवता की मिसाल पेश की। देर रात टीम ने शहर में विभिन्न स्थानों पर जाकर गरीबों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को गर्म रजाई और कंबल वितरित किए। टीम ने सिटी स्टेशन, रोहटा फाटक, दिल्ली रोड सहित कई इलाकों में घूमकर उन लोगों को खोजा जो खुले आसमान के नीचे ठंड से जूझते नजर आए।

इस नेक कार्य में नितिन जाटव, शरणजीत, राघव तलवारी, सनी समेत कई अन्य सदस्य भी शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने बताया कि रात का तापमान लगातार गिर रहा है और कई गरीब लोग पर्याप्त गर्म कपड़ों के अभाव में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मोर्चा ने यह पहल करते हुए जरूरतमंदों तक गर्म कपड़े पहुंचाने का बीड़ा उठाया है।
जिलाध्यक्ष नीटू गुर्जर ने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं। जब तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा, उनकी टीम नियमित रूप से गरीबों तक कंबल और आवश्यक सामग्री पहुंचाने का काम जारी रखेगी। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे मानवता का वास्तविक उदाहरण बताया।





