मेरठ के आबूलेन पर मनचलों की गुंडई, कार में तोड़फोड़।
शहर की कानून व्यवस्था को असामाजिक तत्व खुली चुनौती देने लगे हैं। ताजा मामला सदर आबूलेन बाजार का सामने आया है, जहां आधा दर्जन मनचलों ने कल दोपहर करीब 10 मिनट तक जमकर कहर बरपाया। मामूली नोकझोंक के बाद दबंगों ने एक कार में सरेराह तोड़फोड़ की और फिर धमकी देकर फरार हो गए। चौकाने वाली बात यह रही कि आस पास कहीं भी पुलिस दिखाई नहीं दी और ना ही भीड़ से कोई विरोध करने का साहस ही दिखा पाया।
गंगा नगर निवास शुभम शर्मा मंगलवार दोपहर को अपनी कार से साकेत से होते हुए आबूलेन आ रहे थे। उनके साथ कार में एक युवती भी थी। बताया जाता है कि दयानंद नर्सिंग होम के निकट स्कूटी सवार तीन मनचलों ने कार में मौजूद युवती को देखकर छींटाकशी शुरु कर दी। कार चला रहे शुभम ने नजर अंदाज किया तो कुछ दूरी पर स्कूटी सवार उन युवकों ने कार पर ठक…ठक करना शुरु कर दिया। शुभम ने शीशा नीचे कर टोका तो वह उल्टे सीधे इशारे करने लगे। शुभम कार लेकर आगे बढ़ गए।
स्कूटी सवार दबंगों की मनमानी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। उन्होंने कार का पीछा करना शुरु कर दिया। बेगमपुल चौराहे से वह कार के पीछे लग गए। अचानक राजमहल होटल के सामने आधा दर्जन युवकों ने कार को रोक लिया। एक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया और फ्रंट शीशा तोड़ने लगा। दूसरे ने साइड मिरर के साथ ही ड्राइविंग सीट वाले शीशे पर लात घूंसे बरसाने शुरु कर दिए। अंदर शुभम के साथ मौजूद युवती दहशत में जोर जोर से चिल्लाने लगी लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

मूकदर्शक बनी देखती रही भीड़
हमलावर बेखौफ थे। आस पास अच्छी खासी भीड़ मौजूद थी लेकिन उनके चेहरे पर जरा भी डर नहीं दिखा। वह मनमानी करते जा रहे थे और भीड़ मूकदर्शक बनी थी। एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं दिखा, जिसने इन दबंगों का विरोध जताया हो। चौकाने वाली बात यह रही कि यहां से चंद कदमों की दूरी पर आबूलेन पुलिस चौकी थी लेकिन वहां भी किसी ने सूचित नहीं किया। कार में तोड़फोड़ करते हुए हमलावर आराम से फरार हो गए।
हमलावर वारदात कर आराम से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने खासी नाराजगी व्यक्त की। शुभम कारोबारी परिवार से संबंध रखते हैं। इस हमले की सूचना मिलते ही काफी संख्या में व्यापारी एकत्र हो गए। उन्होंने वारदात पर नाराजगी व्यक्त की और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
आबूलेन पर दिन दहाड़े गुंडई का जो वीडियो वायरल हुआ है, वह एक कार सवार द्वारा बनाया गया है। बाहर लोगों की भीड़ थी लेकिन हर कोई दहशत में दिखाई दिया। कार में बैठे एक शख्स ने चुपचाप इन दबंगों की वीडियो बनाई और पुलिस को उपलब्ध करा दी। कुछ और वीडियो पुलिस को मिले हैं, जिनमें स्कूटी सवार हमलावर दिखाई दिए हैं। पुलिस ने एक युवक को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया है बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।
आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ





