शामली में गन्ने की ढुलाई (किराया) में वृद्धि को लेकर किसानों में आक्रोश,कलेक्ट्रेट में किया धरना प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के जनपद शामली की कलेक्ट्रेट में सैकड़ो किसानों ने गन्ना सेंटर से शुगर मिल तक अत्यधिक दूरी दर्शाकर गन्ना ढुलाई ( किराया) में वृद्धि किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए जमकर धरना प्रदर्शन किया। जिसके चलते जिला गन्ना अधिकारी और शुगर मिल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने बुझाने के तमाम प्रयास किए लेकिन किसानों ने उनकी एक नहीं सुनी और लगातार वास्तविक दूरी का भाड़ा दिए जाने की मांग पर अड़े रहे।

आपको बता दे कि पूरा मामला गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव भैंसवाल का है जहा शामली शुगर मिल द्वारा एक गन्ना तौल सेंटर स्थापित किया गया है।जो कि पहले थानाभवन शुगर मिल का सेंटर था।जिसके बाद शुगर मिल शामली ने थानाभवन की दूरी ज्यादा होने का हवाला देते हुए उक्त गन्ना सेंटर को अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया था और भैंसवाल से शामली शुगर मिल की दूरी 9 किलोमीटर दर्शाई गई थी लेकिन किसानों का आरोप है कि अब शुगर मिल द्वारा किसानों से 19 किलोमीटर का गन्ना ढुलाई वसूल की जा रही है।जिसके लिए गन्ना समिति पर भी किसानों ने धरना प्रदर्शन किया था लेकिन लगातार मामले का समाधान न होने के कारण किसानों की नाराजगी इतनी बढ़ गई कि वे अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट जा पहुंचे।जहा किसानो ने शुगर मिल शामली और जिला गन्ना अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।किसानों के धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला गन्ना अधिकारी और शुगर मिल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।जिसके बाद उक्त अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों को समझाने बुझाने का प्रयास किया।लेकिन अधिकारियों के प्रति नाराजगी ज्यादा होने के कारण किसानों ने किसी की एक नहीं सुनी और लगातार अपनी समस्या का समाधान किए जाने की मांग करते रहे।लेकिन घंटों बीत जाने के बावजूद भी संबंधित अधिकारी किसानों को कोई ठोस आश्वासन नहीं दे पाए और किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है।