
पुलिस और हत्यारे भाई की मुठभेड़, 6 घंटे में गिरफ्तारी
इटावा जिले के इकदिल क्षेत्र में घटित एक दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने बेहद तेजी से खुलासा कर दिया है। सोमवार को मुरैथा गांव में अपनी चचेरी बहन की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने वाले आरोपी रीलू उर्फ पोलाड को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी और परिवार सहित स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रीलू अपनी चचेरी बहन से पुराने विवाद को लेकर बेहद नाराज था। घटना के दिन वह घर में घुस गया और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके चलते पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया। SOG, सर्विलांस टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के तहत आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और उसे पकड़ लिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
– 1 तमंचा 315 बोर,
– 1 खोखा,
– 2 जिंदा कारतूस,
– 1 कुल्हाड़ी (आलाक़त्ल) बरामद की है।
पुलिस अधिकारीयों के मुताबिक आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
SSP ने टीम की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुरैथा गांव में हुई इस घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।





