मेरठ में कनपटी पर गोली लगने से युवक घायल, पिकअप बोलेरो में बैठे संदिग्ध हालात में चली गोली।

मेरठ के थाना मवाना क्षेत्र के कल्याण सिंह मोहल्ले में आज सुबह एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। मिल रोड स्थित प्रिया टॉकीज के पास खड़ी पिकअप बोलेरो में बैठे सुभान को बाईं कनपटी के पास गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तुरंत सीएचसी ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार सुभान मिल रोड पर प्रिया टॉकीज के पास खड़ी पिकअप बोलेरो में बैठा था। इसी दौरान उसे बाईं कनपटी के पास गोली लग गई। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बोलेरो चालक जुबैर ने पुलिस को बताया कि सुभान उसके साथ काम करता है और दोनों एक ही गाड़ी में थे। हालांकि उसे यह जानकारी नहीं है कि गोली कैसे चली। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।