डकैती के मामले में वांछित 50 हजार का इनामी अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल, बाएं पैर में लगी पुलिस की गोली,अवैध पिस्टल और स्प्लेंडर बरामद।

मेरठ में देर रात दौराला थाना पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 50 हजार के इनामी अपराधी मुजम्मिल को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, ये मुठभेड़ काली नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान हुई।

पुलिस के अनुसार पुलिस टीम रात में इलाके में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया लेकिन उसने भागने की कोशिश की और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

घायल अवस्था में पकड़े गए शख्स की पहचान मुजम्मिल के रूप में हुई। जोकि थाना लिसाड़ी गेट के अहमद नगर का रहने वाला है। उसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर भी घिसा हुआ पाया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुजम्मिल थाना भावनपुर में दर्ज डकैती के मामले में वांछित था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत लिसाड़ी गेट थाने में गिरफ्तार हो चुका है।

गंभीर रूप से घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बरामद पिस्टल और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाइट – आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ