
ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो कबाड़ी समेत 10 गिरफ्तार।
मेरठ पुलिस स्वाट टीम ने देहात क्षेत्रों में बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो कबाड़ी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के ट्रांसफार्मर और उसके पुर्जे बरामद किए गए हैं।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह गिरोह मेरठ के सरधना थाना इलाके में ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय था और ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य पहले रेकी कर यह पता लगाते थे कि किस इलाके में बिजली आपूर्ति बंद रहती है। इसके बाद वहां विद्युत पोल पर रखे ट्रांसफार्मर को चोरी कर लेते थे। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर बिजली की आपूर्ति चालू रहती थी, वहां आरोपी लोहे की चेन बिजली के तारों पर डालकर लाइन ट्रिप करा देते थे। बिजली लाइन बंद होने के बाद आरोपी ट्रांसफार्मर को उतारकर अपने साथ ले जाते थे।

चोरी किए गए ट्रांसफार्मर को आरोपी जंगल में ले जाकर खोलते थे और उसके पुर्जे अलग कर देते थे। इसके बाद ट्रांसफार्मर से निकलने वाला लोहा एल्यूमिनियम और तांबा अलग-अलग कर कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पुलिस ने गिरोह के दो कबाड़ियों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है।





