दो पक्षों के झगड़े का मामला, नशे में मिले sho को एसएसपी ने किया लाइन हाजिर।
मेरठ में ड्यूटी के दौरान नशे में मिले SHO पर देर रात एसएसपी विपिन ताडा ने गाज गिरा दी। चौकी इंचार्ज पर भी आरोप हैं, जिस कारण दोनों की डाक्टरी कराई जा रही है। दरअसल, हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी स्वयं मौके पर पहुंचे थे, जिनको पुलिसकर्मियों के नशे में होने की शिकायत भी की गई थी। उन्होंने एसएसपी को पूरा मामला बताया, जिसके बाद SHO को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया। SHO और चौकी इंचार्ज की डाक्टरी कराई जा रही है।
रेलवे रोड के मकबरा में देर रात नौशाद व शमीम पक्ष मकान विवाद में आमने सामने आ गए। पहले उनके बीच मारपीट हुई और फिर अचानक पथराव शुरु हो गया। इसी दौरान पुर्वा फैयाज अली निवासी कामिल वहां से गुजर रहा था। पथराव से एक ईंट कामिल को जा लगी। कामिल घायल हो गया और शिकायत लेकर केसरगंज चौकी आ गया।

कामिल ने बताया कि वह अपने भाई के साथ थे। अचानक पथराव हो गया। शिकायत लेकर पहुंचे तो चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने उनसे ही अभद्रता कर दी और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर उसी जगह ले आये जहां पथराव हुआ था। उन्होंने नौशाद व शमीम पक्ष से कुछ लोगों को पकड़ लिया और चौकी आ गए। चौकाने वाली बात यह थी कि कामिल को भी बैठा लिया गया।
कामिल को हिरासत में लेने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग चौकी आ गए। उन्होंने चौकी इंचार्ज को समझाया कि इस झगड़े में उनका बच्चा घायल हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की, फिर भी उसे हिरासत में लिया जा रहा है। आरोप है कि इंस्पेक्टर धीरज सिंह ने अभद्रता करनी शुरु कर दी। चर्चा है कि इस दौरान पुलिसकर्मी नशे में थे, जिसकी किसी ने एसपी सिटी से शिकायत कर दी।

पुलिसकर्मियों के नशे में होने की सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह रेलवे रोड थाने जा पहुंचे। सीओ नवीना शुक्ला भी आ गईं। दोनों अफसरों को देखकर पुलिसकर्मी गायब होने लगे लेकिन तब तक SHO धीरज सिंह पर उनकी नजर पड़ चुकी थी। एसपी सिटी ने कामिल के परिवार से बात की। फिर फोन पर एसएसपी को मामले से अवगत कराया।
एसएसपी डा. विपिन ताडा ने SHO धीरज कुमार को मौके पर ही लाइन हाजिर कर दिया। उनके अलावा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार पर भी शराब पीकर अभद्रता करने के आरोप लगे थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने दोनों की डाक्टरी कराने के आदेश दिए। इसके अलावा सीओ को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे चेक कर घटना का पता लगा रही है।
फईम, पीड़ित
आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ





