
रात में प्रेमिका से मिलने पहुँचा था प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़ा, प्रेमिका के घरवालों ने काजी को बुलाकर कराया दोनों का निकाह।
मेरठ में प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी से ग्रामीणों ने आधी रात को निकाह करा दिया। रात को प्रेमी अपने तीन साथियों के साथ प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा। प्रेमिका के परिवार वाले बाहर गए थे। वह घर पर अकेली थी। देर रात गांव वालों ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
इस दौरान प्रेमी के दो साथी मौका पाकर भाग गए। प्रेमी को पकड़ लिया गया। इसके बाद युवती के परिजनों को रात में बुलाया गया। फिर दोनों का रात में ही निकाह करा दिया। दूल्हा-दुल्हन को नगदी देकर रवाना किया गया। ये शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मामला थाना परीक्षितगढ़ के गांव इकला रसूलपुर का है। रात में मवाना के मोहल्ला गाढ़ा चौक के रहने वाले अलफाज अपने तीन साथियों के साथ अपनी प्रेमिका के गांव इकला रसूलपुर में आया था। प्रेमिका के परिवार के लोग मेरठ में आंखों की जांच कराने गए थे। रात में वह प्रेमिका के घर पहुंचा।
प्रेमी को प्रेमिका से मिलने घर में जाते हुए ग्रामीणों ने देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान प्रेमी के तीन साथी चकमा देकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने प्रेमी अलफाज से पूछताछ की तो उसने कहा कि प्रेमिका से बहुत प्यार करता है। दोनों 3 साल से एक दूसरे को जानते है। आज घर पर कोई नहीं था। इसलिए मिलने आया था।

पड़ोसियों ने तभी फोन करके दोनों के परिजनों को मौके पर बुला लिया। देर रात युवक के परिजन गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा- दोनों का निकाह कराया जाएगा। लेकिन युवक के पक्ष के लोग मामले से पल्ला झाड़ने लगे। इस पर युवती के परिजन और ग्रामीण निकाह पढ़ाने की बात पर अड़ गए।
काफी देर बाद दोनों के बीच आपसी समझौता होने पर गांव में सभी की मौजूदगी में प्रेमी और प्रेमिका का मौलाना ने निकाह पढ़ाया। आनन-फानन में दुल्हन को सजाया गया। उसे मेंहदी लगाई गई, शादी का जोड़ा लाया गया। सभी रस्में कराई गईं। इसके बाद दुल्हन की विदाई के समय दूल्हे को नकदी देकर रुख्सत किया। इस मामले में ग्रामीणों ने बताया कि लड़के पक्ष ने निकाह के लिए कुछ समय मांगा था मगर लड़की पक्ष ने कोई भी मोहलत देने से इनकार कर दिया। बात न मानने पर पुलिस में जाने की चेतावनी दी। इसके बाद दोनों पक्षों के आपसी सहमती से निकाह करा दिया गया।





