
कलयुगी बेटे ने पिता की ईंट से कुचल कर की निर्मम हत्या।
मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रिश्तों का हुआ क़त्ल यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू से अपनी कलाई भी काट ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई बेटे ने अपने पिता पर हमला कर दिया। ईंट से एक के बाद एक कई बार वार किए। ये मामला शनिवार सुबह करीब 4 बजे का है। गंभीर चोटों के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला था। राजेश मेरठ के जेलचुंगी इलाके में अपने बड़े बेटे अमन के साथ रहता था। दोनों पिछले करीब 20 साल से यहां नगर निगम की दो दुकानों में रहकर स्क्रैप का काम करते थे। जबकि राजेश की पत्नी अनीता, बेटा अंकित और बेटियां खुशी व जूली बिहार में ही रहते हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा अमन नशे का आदी है। शनिवार सुबह भी वह नशे की हालत में था। इसी दौरान दुकान पर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में अमन ने ईंट उठाकर पिता के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अमन ने चाकू से अपनी कलाई भी काट ली और दुकान पर ही बैठा रहा। आसपास के लोगों को जब झगड़े और घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां कांति और बहन मंजू जो मेरठ के यादगारपुर इलाके में रहती हैं मौके पर पहुंच गईं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





