
बांग्लादेशी कॉलर द्वारा व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए सरधना के पूर्व भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सोम को दी गई धमकी पर सपा विधायक अतुल प्रधान ने कई सवाल खड़े किए। अपने आवास पर पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने संगीत सोम पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कराए जाने की मांग की।
पत्रकार वार्ता में सरधना सीट से सपा विधायक अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में अपने ऊपर हुए हमले के बाद भाजपा विधायक संगीत सोम ने खुद को गौरक्षक बताते हुए हाईकोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाई थी। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली। लेकिन, आज के समय में संगीत सोम खुद कई मीट फैक्ट्री चलाते हैं। अतुल प्रधान ने ज्यूबाकोब, तेजस ऑयल, ब्लूमिंग बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड सहित लगभग एक दर्जन मीट फैक्ट्रियों की लिस्ट मीडिया को सौंपी। साथ ही आरोप लगाया कि इन सभी में संगीत और उनकी पत्नी व साली पार्टनर हैं। इसके बावजूद वह मंच से गोरक्षा की दुहाई देकर हिंदू-मुस्लिम अलगाव की बातें करते हैं।

अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 के बाद वर्ष 2017 में भाजपा की ही सरकार में संगीत सोम के घर पर हैंड ग्रेनेड फेंकते हुए उन पर हमले की नाकाम कोशिश की गई। इसके सिवा उन्हें कई बार धमकियां भी मिलीं। लेकिन, आज तक भी किसी हमले और धमकी को लेकर पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। हाल ही में एक बार फिर से उन्हें बांग्लादेश से बम से उड़ाने की धमकी मिली। लेकिन, पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके खामोश बैठ गई। अतुल ने आरोप लगाया कि कुछ ही दिनों में संगीत सोम की सुरक्षा का रिव्यू होने वाला है। जिसमें उनकी सुरक्षा हटाई जा सकती है। लिहाजा इस धमकी के पीछे का सच सामने आना जरूरी है। अतुल प्रधान इस पूरे प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के पैनल द्वारा संगीत सोम की संपत्ति और लगातार मिल रही धमकियों को लेकर जांच कराए जाने की मांग की।
अतुल प्रधान, सपा विधायक, सरधना विधानसभा





