पुलिस पर गंभीर आरोप, ई-रिक्शा में लाश लाकर दूसरे थाना क्षेत्र में फेंकने का मामला वायरल
मेरठ के शास्त्रीनगर के एल ब्लॉक से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मियों को फैंटम बाइक पर आते हुए देखा जा सकता है, जिनके पीछे एक ई-रिक्शा चल रही होती है। जैसे ही यह टीम एक दुकान के सामने पहुंचती है, पुलिसकर्मी ई-रिक्शा से एक मृतक व्यक्ति का शव उतारकर दुकान के सामने रख देते हैं। पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
आरोप है कि पुलिस अपने थाना क्षेत्र में मामला दर्ज करने या शव के अंतिम संस्कार की औपचारिकताओं से बचने के लिए इसे दूसरे थाना क्षेत्र में छोड़ आई, ताकि किसी तरह की कागजी कार्रवाई न करनी पड़े। यह न केवल एक संवेदनहीन कदम माना जा रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था स्थापित करने वाली पुलिस पर ही गंभीर प्रश्न उठाता है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय-समय पर पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता बनाए रखने और नागरिकों के प्रति मानवीय व्यवहार की नसीहत देते रहे हैं। ऐसे में यह घटना पुलिस की संवेदनहीनता का उदाहरण बनकर सामने आई है। स्थानीय लोग इसे मानवता और व्यवस्था दोनों के खिलाफ ‘पुलिस का खेल’ बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुका है और माना जा रहा है कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि यह सिर्फ एक गलती नहीं, बल्कि पुलिस पर जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का खुला उल्लंघन है। सरकार की नीतियों या मंशा पर किसी तरह का सवाल नहीं, बल्कि यह सीधे-सीधे उन पुलिसकर्मियों की लापरवाही और मानसिकता का मामला है, जिन्होंने वर्दी की शपथ को दरकिनार किया।
स्थानीय स्तर पर लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस घटना पर ऐसी कार्रवाई होगी, जो भविष्य में किसी भी अधिकारी के लिए उदाहरण बन सके, और संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ की पुनरावृत्ति न हो।





