
मेरठ की बेटी प्राची पंवार ने UPSC ऑल इंडिया में 59 वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया शहर का मान–चौथे प्रयास में मिली सफलता-भारतीय विदेश सेवा के लिए चयनित हुईं।
मेरठ दक्षिण क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी प्राची पंवार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक-59 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ ही प्राची का चयन भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए हुआ है। प्राची ने चौथे अटेम्ट में ये सफलता हासिल की है।
मेरठ मेडिकल कॉलेज में क्लेरिकल स्टाफ में कार्यरत राकेश पंवार मूलरूप से मेरठ के हस्तिनापुर के रानी नगला गांव के रहने वाले हैं। वो मेरठ मेडिकल कॉलेज में सरकारी आवास में रहते हैं। बड़ी बेटी बेटी प्राची है जबकि छोटा बेटा है जोकि ग्रेजुएशन कर रहा है। जैसे ही यूपीएससी परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई। रिश्तेदार, पड़ोसी और परिचित बड़ी संख्या में पहुंचकर प्राची और उनके परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई जा रही हैं।
परिजनों ने बताया कि प्राची शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से पूरे मेरठ शहर में गर्व का माहौल है।
प्राची की ये उपलब्धि शहर के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी सफलता ने ये साबित कर दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।





