मेरठ पुलिस का अमानवीय चेहरा, अज्ञात शव को फेंका, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत।

मेरठ पुलिस का अमानवीय चेहरा उजागर हुआ है। पुलिस द्वारा एक अज्ञात शव को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंकने का वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी में नौचन्दी थाना के पुलिसकर्मियों की करतूत कैद हो गई। वीडियो में पुलिसकर्मी एक अज्ञात शव को दूसरे थाना क्षेत्र में डलवाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद आलाधिकारियों ने नौचन्दी थाना क्षेत्र की एल ब्लॉक चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार, सिपाही और एक होमगार्ड को निलंबित कर दिया है। वायरल सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि रात करीब दो बजे एक बाइक पर सवार होकर दो पुलिसकर्मी आते हैं। इसके बाद एक ई रिक्शा चालक अपने रिक्शा में एक अज्ञात शव को लेकर आता है। पुलिसवाले इस शव को एक बंद दुकान के सामने रखकर चले जाते हैं। सुबह जब स्थानीय लोगो ने शव देखा तो हड़कम्प मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि इस प्रकरण की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई थी और जांच में सामने आया कि ये शव नौचन्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत एल ब्लॉक चौकी पर तैनात सिपाही राजेश और होमगार्ड रोहताश ने दूसरे थाना क्षेत्र में रखवाया था ताकि अपनी ज़िम्मेदारी से बचा जा सके।

विपिन ताडा, एसएसपी मेरठ