अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, हथियार और उपकरण बरामद।

मेरठ के सरधना क्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध तमंचा फैक्ट्री का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खेतों के बीच ट्यूबवेल पर चल रही इस फैक्ट्री से पुलिस ने बड़ी मात्रा में बने और अधबने हथियारों के साथ असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक सर्विलांस टीम और थाना सरधना पुलिस को अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। जानकारी की पुष्टि होने के बाद गांव पीथलोकर से नाहली जाने वाले रास्ते पर गन्ने के खेत में बने एक ट्यूबवेल पर छापेमारी की गई। यहां चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री से कई प्रकार के तमंचे और निर्माण सामग्री मिली। मौके से दो व्यक्तियों, जान मोहम्मद उर्फ जानू (निवासी नवाबगढ़ी) तथा आस मोहम्मद उर्फ आशू (निवासी पीथलोकर), को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी साबिर फरार है।

पुलिस ने फैक्ट्री से 17 अधनिर्मित और 6 पूर्ण निर्मित तमंचों के अलावा ड्रिल मशीन, रेती, हथौड़ी, ड्रिल रॉड, नाल बनाने के उपकरण, ट्रिगर, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया। बरामद वस्तुओं की संख्या यह संकेत देती है कि फैक्ट्री में लंबे समय से अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा था।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जान मोहम्मद पर गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आस मोहम्मद के खिलाफ चोरी और अवैध हथियारों से जुड़े मामले पूर्व में दर्ज हो चुके हैं।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनकी सप्लाई चैन का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अब तक ये हथियार किन-किन क्षेत्रों में बेचे जा चुके हैं।

बाइट – अभिजीत कुमार, एसपी देहात मेरठ