बेसमेंट की खुदाई के दौरान मकान गिरा, मलबे में दबा दंपत्ति, घायल।
मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के खैरनगर एक अपार्टमेंट की खुदाई के दौरान बराबर में बना मकान गिरने से हड़कंप मच गया। इस दौरान दंपति मलबे में दबकर घायल हो गए। तेज धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर सीओ कोतवाली समेत तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य में जुट गया। घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खैरनगर में सुल्तान खान वेब सर्वे अपार्टमेंट के नाम से बिल्डिंग बना रहे हैं। बिल्डिंग में बेसमेंट का खुदाई का काम चल रहा था। पिलर भरने के दौरान पड़ोसी हसन का मकान जोरदार धमाके के साथ ढह गया।
इस दौरान हसन और उनकी पत्नी हिना मलवे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर घटना की जानकारी दी। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन, देहली गेट, लिसाड़ी गेट और कोतवाली थाने का फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। लोगों की मदद से मलवे में दबे पति-पत्नी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।

वहीं घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने लोगों को शांतकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ने बताया कि फायर ब्रिगेड के साथ आसपास बने मकानों में रेस्क्यू अभियान चलाकर मकानो को चेक किया जा रहा है। अगर कोई मकान जर्जर हालत में है तो वहां रह रहे लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाएगा।





