यूरिया से नकली शराब बनाने वाले गैंग का खुलासा, छह बदमाश गिरफ्तार।

मेरठ के इंचौली थाना पुलिस ने यूरिया से नकली शराब बनाने वाले गैंग का खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में नकली शराब और शराब बनाने का सामान बरामद किया गया है। एसपी देहात ने बताया कि शराब की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि इंचौली पुलिस को क्षेत्र में नकली शराब फैक्ट्री के संचालन की सूचना मिली थी। इसके बाद आज लावड़ कस्बे के पास समसपुर रोड पर कटे-फटे कपड़ों के गोदाम में छापा मारा गया छापेमारी के दौरान 6 बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी यश उर्फ कलवा, किठौर निवासी अंकित, लावड़ निवासी यासीन, अनस, काजीपुर निवासी तरुण उर्फ मामा और गाजियाबाद जिले के भोजपुर निवासी दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया। मौके से दो नीले ड्रम में भरी नकली शराब, यूरिया खाद, रॉयल स्टैग ब्रांड की कुछ बोतलें और भारी मात्रा में रैपर, क्यूआर कोड व खाली बोतलों सहित काफी सामान और शराब सप्लाई में प्रयोग की जाने वाली स्विफ्ट कार बरामद की गई। बदमाशों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से यूरिया से नकली शराब बनाकर सप्लाई करते थे। फिलहाल यह शराब आने वाले चुनाव में खपाने के लिए तैयार की जा रही थी। एसपी देहात ने बताया कि बदमाशों द्वारा यह शराब किसे सप्लाई की जाती थी इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

अभिजीत कुमार, एसपी देहात मेरठ