मेडिकल कॉलेजों में कथित रिश्वतखोरी और प्रवेश से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को देशभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए 10 राज्यों में 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज मामले में की गई है।
ED सूत्रों के अनुसार छापेमारी आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में की गई। एजेंसी की टीमें सुबह से ही संदिग्ध ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी ले रही हैं। यह मामला मेडिकल कॉलेजों में कथित रूप से सीट आवंटन, एडमिशन और परीक्षा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें करोड़ों रुपये की रिश्वत के लेन-देन की बात सामने आई है।
सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, अकाउंट बुक्स और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिश्वत की रकम किन चैनलों के जरिए भेजी गई और किस-किस तक पहुंची। ED को शक है कि इस रैकेट में कई दलाल, कॉलेज प्रबंधन से जुड़े लोग और बाहरी एजेंट शामिल हैं।
UP और दिल्ली में भी की गई रेड को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां से मिली जानकारियां पूरे नेटवर्क को उजागर कर सकती हैं। ED अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में कुछ गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
एजेंसी ने यह भी संकेत दिया है कि यह कार्रवाई शुरुआती चरण है और जांच आगे बढ़ने पर छापेमारी का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल सभी जब्त दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है, जिसके आधार पर अगली कार्रवाई तय होगी।





