दिल्ली—छतरपुर के फ्लैट से 262 करोड़ की ड्रग्स बरामद, ऑपरेशन ‘क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ में NCB और दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता

साउथ दिल्ली में ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (OPS ब्रांच) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (CI) ने संयुक्त ऑपरेशन में भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है। ऑपरेशन ‘क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ के तहत 20 नवंबर को छतरपुर स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी के दौरान लगभग 328 किलोग्राम हाई-क्वालिटी मेथामफेटामाइन जब्त की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 262 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

गृह मंत्री अमित शाह ने इस सफल अभियान के लिए NCB और दिल्ली पुलिस की टीमों को बधाई दी है। शाह ने कहा कि भारत सरकार ड्रग-माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी तेज गति से जारी रहेगी।

NCB अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट दिल्ली में हाई-क्वालिटी मेथ सप्लाई करने की कोशिश में है। इसके बाद NCB और स्पेशल सेल ने संयुक्त निगरानी शुरू की और छतरपुर के एक लग्जरी अपार्टमेंट में संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने पर टीम ने कार्रवाई की।

फ्लैट की तलाशी के दौरान टीम को बड़े-बड़े पैकेटों में पैक की गई मेथामफेटामाइन मिली। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह ड्रग्स दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीकी नेटवर्क से जुड़ी तस्करी श्रृंखलाओं में भेजी जानी थी। इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनकी कड़ी पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद ड्रग्स की गुणवत्ता और मात्रा इस बात की ओर इशारा करती है कि यह एक बड़े और संगठित इंटरनेशनल कार्टेल का हिस्सा है। NCB का मानना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है।

इस बड़ी सफलता ने दिल्ली में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट्स को बड़ा झटका दिया है और एजेंसियों का मनोबल भी बढ़ाया है।