पालतू कुत्ते की पिटाई का विरोध करने पर दबंगों ने बरपाया कहर, वीडियो वायरल।
मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले पालतू कुत्ते की पिटाई का विरोध करने पर दबंगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लाठी-डंडे और तमंचों से लेस हमलावरों ने परिवार की महिलाओं सहित सभी लोगों को गलियों में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसे अधिकारियों को दिखाते हुए पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अतराड़ा निवासी तनिष अपने परिवार के साथ आज एसएसपी ऑफिस पहुंचा।

तनिष ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाला एक दबंग उसके पालतू कुत्ते की पिटाई कर रहा था। विरोध करने पर दबंग के परिवार के पुरुषों और महिलाओं ने तनिष के घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे और तमंचों से लेस हमलावरों ने घर के सभी लोगों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान पथराव में महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए। इसके बाद आरोपी फायरिंग करके फरार हो गए। आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। घटना का लाइव वीडियो अधिकारियों को दिखाते हुए पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।तनिष, घायल युवक





