अर्जुन अवॉर्डी जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी का शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित देश की स्टार जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी इन दिनों सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी खेल उपलब्धियाँ नहीं, बल्कि उनकी शादी में हुई हर्ष फायरिंग का वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज में अन्नू रानी अपने पति, किक बॉक्सर साहिल गौड़, के साथ वरमाला मंच पर खड़ी होकर मस्कट राइफल से फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। ये विवाह समारोह चौधरी चरण सिंह पटरी मार्ग स्थित द गॉड्स पैलेस रिसॉर्ट में संपन्न हुआ।

वीडियो सामने आते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। सवाल उठ रहे हैं कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाली और लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कानून तोड़ने जैसा कदम क्यों उठाएगी? फ़िल्मी अंदाज़ में की गई इस फायरिंग ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है कि जब शिक्षित, जागरूक और सम्मानित लोग ही हर्ष फायरिंग जैसे ख़तरनाक और गैरकानूनी कार्य करें, तो आम लोगों को कानून पालन का संदेश कैसे दिया जाए।

पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है, और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग एक दंडनीय अपराध है और इससे पहले भी ऐसे तमाम मामलों में मासूम लोगों की मौत तक हो चुकी है।

सोशल मीडिया पर लोग इस व्यवहार को लेकर अपनी नाराज़गी जता रहे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा कि जब प्रतिष्ठित खिलाड़ी और नामी चेहरे इस तरह के कृत्य को “शो ऑफ” समझकर करेंगे, तो समाज में गलत संदेश जाएगा। बार-बार जागरूकता के बावजूद हर्ष फायरिंग के कारण होने वाली जानलेवा घटनाएं थम नहीं रही हैं।

अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि मेरठ पुलिस इस वायरल वीडियो पर कितनी सख्ती दिखाती है और क्या एक राष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी या मामला सिर्फ चेतावनी तक सीमित रह जाएगा।