
मेरठ पहुंचे बाबा रामदेव बोले-ईरान-अमेरिका युद्ध चिंताजनक।
मेरठ में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की स्थिति पर चिंता जताई। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं होता और दुनिया को शांति का रास्ता अपनाना चाहिए।
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि ईरान-अमेरिका के बीच चल रहा युद्ध पूरी दुनिया के लिए चिंताजनक है। उन्होंने खास तौर पर खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की। बाबा रामदेव का कहना है कि युद्ध का समाधान हथियारों से नहीं बल्कि योग, संवाद और एक-दूसरे की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए बातचीत से निकल सकता है।

वहीं, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने के सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा कि गाय तो युगों-युगों से विश्वमाता रही है और भारतीय संस्कृति में उसका विशेष स्थान है।
इसके अलावा देश में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि शहरों में फिलहाल यह चिंता का विषय हो सकता है, लेकिन गांवों में अभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि देश जल्द ही हालात संभाल लेगा और युद्ध भी जल्दी समाप्त हो जाएगा।





