बर्थडे पार्टी में जीजा ने साले को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा, डांस करने को लेकर हुआ था विवाद।

मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की गुलमर्ग कॉलोनी में कल देर रात जन्मदिन पार्टी में बेटियों के डांस करने से नाराज एक पिता ने अपने साले की चाकू से गोद गोदकर हत्या कर डाली। यूनुस नाम के शख्स की उसके जीजा सलीम ने सीने में चाकू से कई वारकर हत्या कर दी। बीच बचाव करने आए मृतक के भांजे नौशाद को भी हत्यारोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी सलीम को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी सलीम के साढू चांद की बेटी गुलफ्शा का रविवार को जन्मदिन था। देर रात उसके घर पर ही जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया था। सलीम भी अपनी पत्नी नरगिस और दो बेटियों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था। वहां पर उसका साला यूनुस भी बच्चों के साथ आया था। जन्मदिन पार्टी में सभी परिजन और रिश्तेदार जमकर डांस कर रहे थे। सलीम को लड़कियों का डांस करना अच्छा नहीं लगा। वो बीच में ही अपनी बेटियों को लेकर गुलमर्ग कॉलोनी अपने घर आ गया। रात करीब साढ़े दस बजे उसकी पत्नी नरगिस जब घर आई तो सलीम ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसकी जानकारी नरगिस ने अपने भाई यूनुस को फोन पर दी। इसके बाद यूनुस अपने भांजे नौशाद को साथ लेकर सलीम के घर पहुंचा।

एसपी सिटी ने बताया कि यहां पर यूनुस और सलीम के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसी दौरान सलीम ने चाकू उठाकर यूनुस के सीने में घोंप दिया। इसका विरोध करने पर उसने नौशाद की पीठ में भी चाकू मारकर उसे घायल कर दिया। जानकारी मिलने पर सभी परिजन वहां आ गए। गंभीर रूप से घायल यूनुस और नौशाद को प्यारेलाल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान यूनुस की मौत हो गई। जिला अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस को इसकी जानकारी हुई। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर हत्यारोपी सलीम को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। नौशाद की हालत सही है। उसकी तहरीर पुलिस ने सलीम के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

गुलफ्शा के जन्मदिन पर सभी परिजन और रिश्तेदार आए थे। जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं। मगर उसके मामा यूनुस की हत्या होने और भाई नौशाद को भी चाकू मारने से मातम पसर गया। सभी परिजन रोते बिलखते जिला चिकित्सालय पहुंचे।
हत्यारोपी जीजा सलीम मजदूरी करता है। वो मूलरूप से हापुड़ जनपद के हापुड़ देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरादपुर का निवासी है। कुछ साल से वो लिसाड़ी गांव में परिवार के साथ रह रहा है। यहां से कुछ ही दूरी पर गांव में ही गुर्जर चौक कॉलोनी में यूनुस अपने परिवार के साथ रहता था यूनुस भी मजदूरी करता था।

आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ