अफ्रीका के कैमरून में फंसा आगरा का परिवार, सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार

अफ्रीका के डौआला (कैमरून) शहर में आगरा का एक परिवार गंभीर हालात में फंसा हुआ है। दयालबाग निवासी रोहित जैन अपने परिवार के साथ पिछले कई दिनों से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर भारत सरकार और भारतीय दूतावास से तत्काल सहायता की अपील की है।

परिवार का आरोप है कि उनका पासपोर्ट जप्त कर लिया गया है, जिसके कारण वे कैमरून से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। आर्थिक हालात भी बेहद खराब हो चुके हैं और परिवार दाने-दाने को मोहताज बताया जा रहा है। वीडियो में रोहित जैन ने कहा कि वे और उनका परिवार बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा जल्द से जल्द भारत लौटना चाहते हैं।

परिवार ने भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय और सरकार से आग्रह किया है कि उनकी स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेकर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी उनकी मदद के लिए आवाज उठाई है।

बताया जा रहा है कि परिवार कुछ समय पहले काम के सिलसिले में कैमरून गया था। वहां पहुँचने के बाद परिस्थितियाँ बिगड़ती चली गईं। पासपोर्ट जब्त होने और आय के साधन बंद होने से परिवार गहरे संकट में आ गया है। अब रोहित जैन का परिवार सिर्फ भारतीय प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहा है।

पीड़ित परिवार ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार जल्द कदम उठाएगी और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने में मदद करेगी।