जानकी वल्लभ शाखा ने कराया अंतरविद्यालयी समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन, सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज प्रथम

ग्रेटर नोएडा,
भारत विकास परिषद ,जानकी वल्लभ शाखा ग्रे.नोएडा द्वारा सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज में अंतरविद्यालयी समूहगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्षा श्रीमती अनुपमा पुंढीर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की कक्षा 6 से 9 तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने हिंदी एवं संस्कृत भाषाओं में भारत विकास परिषद द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत गीतों की मनमोहक, लयबद्ध एवं संगीतमय प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ जानकी वल्लभ शाखा की अध्यक्षा श्रीमती अनुपमा पुंढीर, संरक्षक श्री अनिल तायल जी, सचिव श्री पी.के. वर्मा, महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती कृष्णा शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती अंजू गुप्ता तथा पर्यावरण सहभागिता से श्रीमती अंशुमा एवं श्रीमती नीतू सिंह व साधना जी सहित अन्य सम्माननीय अतिथियों एवं विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा माँ भारती के चित्र पे दीप प्रज्वलन एवम् पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने सुर, ताल, लय, अनुशासन एवं भावाभिव्यक्ति के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान, वनस्थली पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान तथा नॉलेज वैली इंटरनेशनल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी प्रदान की गई तथा सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सहयोग प्रदान करने वाली सभी विद्यालयों की शिक्षिकाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
प्रभारी उपप्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति फोगाट जी ने अपने कथन में कहा कि भारत के गौरवशाली इतिहास ,नैतिक मूल्यों व भारतीय संस्कृति के ज्ञान वृद्धि हेतु इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन विद्यालयों में अति आवश्यक है ।कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती कृष्णा शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समूहगान केवल संगीत की प्रस्तुति नहीं, बल्कि सामूहिकता, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
समारोह का समापन राष्ट्र गान गाकर किया गया ।
शाखा द्वारा सभी के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई ।
“जानकी वल्लभ शाखा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामूहिकता के मूल्यों से जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।”