मेरठ पुलिस का फ्लैग मार्च-एडीजी ने कहा जो बात जहां की वहीं रहने दें -प्रदर्शनों पर विशेष नजर।

ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर देशभर में बढ़ते तनाव के बीच मेरठ पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

होली के त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती, जिसके चलते सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के कई इलाकों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को रोका जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं, ADG जोन भानु भास्कर स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखाई दिए और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। होली पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे जोन में सेक्टर स्कीम लागू की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।