छत पर पतंग उड़ाते उड़ाते 5 दोस्तों ने दिया था पड़ोसी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम, 72 घंटे में चोरी का खुलासा।

मेरठ के थाना कोतवाली पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी कोतवाली अन्तरिक्ष जैन के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया जिनकी सतर्कता और कड़ी निगरानी के चलते 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चोरी किया गया सोने-चांदी का सामान भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।

बीती 4 जनवरी की देर रात थाना कोतवाली क्षेत्र में दवा व्यापारी खुर्रम मंजूर के घर चोरों ने छत से जाल तोड़कर धावा बोल दिया था। चोर घर के तीन कमरों में घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की साजिश बेहद मामूली घटना से शुरू हुई। बताया गया कि कुछ युवक छत पर पतंग उड़ा रहे थे इसी दौरान एक युवक की चप्पल पड़ोसी के घर में जा गिरी। चप्पल लेने जब युवक उस घर में गया तो उसने देखा कि घर में कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद पांचों दोस्तों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई और देर रात छत के रास्ते जाल तोड़कर घर में घुस गए। पूरे घर को खंगालते हुए चोर जेवरात समेट ले गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया और 72 घंटे के भीतर नाज़िम, फ़ैज़ान, हमदान, सालिम और अज़हर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया सारा माल बरामद कर लिया है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया 4 जनवरी की रात थाना कोतवाली क्षेत्र में जाल तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिसमे नाज़िम, फ़ैज़ान, हमदान, सालिम अज़हर को गिरफ्तार कर चोरी किया गया माल शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।

आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ