आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, मुखबिर की भी की गई पिटाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।

मेरठ के मवाना थाना इलाके में सठला गांव में बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला बोल दिया। मुखबिर की भी पिटाई की गई। इस घटना के बाद पुलिस के इकबाल पर सवालिया निशान लगने लगे हैं। दरअसल पुलिस टीम एक मामले में वांछित चल रहे तल्हा, कादिर और गुलाब नाम के आरोपियों को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची तभी गांव में हड़कंप मच गया। आरोप है कि आरोपियों को बचाने के लिए ग्रामीणों और महिलाओं की उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया और हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों के साथ जमकर बदसलूकी और मारपीट की गई। हमले में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हमलावरों ने पुलिस वाहनों को भी नहीं बख्शा, गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और तोड़फोड़ की गई।

पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही सीओ मवाना पंकज लवानिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची भारी फोर्स की मदद से घिरी टीम को बाहर निकाला गया और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में मवाना पुलिस की गंभीर नाकामी भी उजागर हुई है। बिना पर्याप्त फोर्स और सुरक्षा योजना के सादी वर्दी में दबिश देना सवालों के घेरे में है। अगर ठोस रणनीति और बल की तैनाती होती तो न पुलिस पिटती और न ही कानून का मखौल बनता। ये घटना न सिर्फ पुलिस की तैयारी पर सवाल उठाती है बल्कि अपराधियों के हौसले बुलंद होने का खतरनाक संकेत भी देती है।

इस मामले में एसएसपी विपिन ताडा ने कहा कि पुलिस के साथ बदसलूकी करने के आरोप में पकड़े गए तीनो आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

डॉ विपिन ताडा, एसएसपी मेरठ