समाधान दिवस पर उठीं क्षेत्रीय समस्याएं, डीएम व एसएसपी को सौंपा गया दो सूत्रीय मांग पत्र

आज समाधान दिवस के अवसर पर क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर जिला अधिकारी महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर को एक दो सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। इस दौरान गुलावठी एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन नोएडा व दिल्ली रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं की गंभीर समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया गया।

मांग पत्र में बताया गया कि गुलावठी से सिकंदराबाद रोड पर सड़क के दोनों ओर पर्याप्त जगह न होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर मोटरसाइकिल सवार युवाओं को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी कारण प्रतिदिन एक-दो सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। आने वाले दिनों में कोहरे के कारण इन हादसों में वृद्धि की आशंका भी जताई गई। इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क के दोनों ओर तत्काल सफेद पट्टी व रिफ्लेक्टर लगाए जाने तथा संभव सीमा तक गुलावठी-सिकंदराबाद रोड के चौड़ीकरण की मांग की गई।

दूसरी मांग समाज को दूषित करने का आरोप झेल रहे ओयो गेस्ट हाउसों को लेकर रखी गई। मांग पत्र में पूरे जनपद में संचालित ओयो गेस्ट हाउसों को तत्काल बंद कराए जाने की मांग की गई, ताकि सामाजिक वातावरण को सुरक्षित और मर्यादित बनाया जा सके।

मांग पत्र पर जिला अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। प्रशासन के इस त्वरित रुख से क्षेत्र की जनता को जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।