हत्या या हादसा, पुलिस की जांच में होगा खुलासा, लक्ष्य के पिता दीपक बालियान ने कंकरखेड़ा थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी।

बीएसएफ के जवान दीपक बालियान ने बेटे लक्ष्य की मौत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दीपक ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कंकरखेड़ा थाने में तहरीर दी है जिस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

बात दें कि केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाले 13 वर्ष के लक्ष्य को सोमवार देर शाम परिजन बेसुध हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता दीपक बालियान बीएसएफ में है जो बेटे की मौत की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।

लक्ष्य की मौत के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा किया। लेकिन मौके पर मौजूद लक्ष्य के परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने इस मामले में लक्ष्य के पिता दीपक बालियान से फोन पर बात की जिन्होंने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने फोन पर ही बेटे की हत्या की आशंका जताई। इसके बाद लक्ष्य के शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया।

पूरा घटनाक्रम शुरू से ही उलझा हुआ है, जिस पर लक्ष्य के पिता दीपक को भी भरोसा नहीं था। दरअसल, पुलिस को बताया गया था कि बेटा बाथरूम के अंदर फिसल गया और गले में आईकार्ड का रिबन फसने से गला घुट गया। बाद में खुलासा हुआ कि लक्ष्य कमरे में बेसुध मिला था। इसी को लेकर सवाल खड़े हो गए। दीपक ने मेरठ आते ही बेटे की हत्या किए जाने का शक जता दिया।

लक्ष्य की मौत के बाद मां गुड़िया बदहवास है। उसने खाना पीना भी छोड़ दिया है। वह बार-बार अपने बेटे को याद कर बिलख पड़ती है। मंगलवार शाम दीपक घर पहुंच गए, जिसके बाद कोहराम मच गया। दीपक ने पूरे घटनाक्रम को जाना लेकिन उसे हादसा मानने से इनकार कर दिया। रात में ही वह शव लेकर अपने पैतृक गांव चले गए और अंतिम संस्कार किया।

दीपक बालियान अपने बेटे की मौत से आक्रोषित हैं। उन्होंने कंकरखेड़ा थाने में हत्या की तहरीर दे दी है। दीपक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भले ही हैंगिंग की ओर इशारा कर रही है लेकिन वह जानते हैं कि लक्ष्य आत्महत्या नहीं कर सकता। उनके बेटे की हत्या की गई है और वह हत्यारे को नहीं छोड़ेंगे। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने भी अपनी ओर से कार्रवाई शुरू कर दी है।

आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी मेरठ