शराब पीने का विरोध करने पर किशोर का गुप्तांग काटा।
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र की जीवनपुरी कॉलोनी में शराब के नशे में धुत्त आरोपी ने अपने दांतों से 12 साल के किशोर का गुप्तांग काट डाला। किशोर बुरी तरह घायल हो गया। घायल किशोर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि जब आरोपी के घरवालों से शिकायत की गई तो उन्होंने भी पीड़ित के परिजनों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें परिवार के एक शख्स को चोटें आई हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित परिवार वार्ड 28 के पार्षद से जुड़ा हैं।
पार्षद के भाई अजय ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि दो दिन पहले उनके सबसे बड़े भाई का निधन हुआ था और बुधवार को तीजा था। शाम के समय मोहल्ले का ही एक ज्ञानेंद्र उर्फ छोटू नाम का युवक शराब के नशे में घर के बाहर पहुंचा। वहां मौजूद परिवार के लोगो ने उससे शराब न पीने का आग्रह किया। लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। परिजनों और आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर उसे वापस भेज दिया। थोड़ी देर बाद युवक फिर घर पहुंचा और दोबारा विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान घर के कुछ युवकों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने अपने दांतों से 12 साल बच्चे का गुप्तांग काट दिया जिससे वो दर्द से तड़प उठा और लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद लोग आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े लेकिन वो फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश की। पुलिस ने घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अजय कुमार, घायल किशोर का परिजन





