लुधियाना। सैफी संघर्ष समिति पंजीकृत लुधियाना पंजाब टीम द्वारा आज 9वीं पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर सेवा और सद्भाव का अनूठा उदाहरण पेश किया गया। समिति के सदस्यों ने शहर में लगाए गए नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धा पूर्वक लंगर सेवा का आयोजन किया और पूरे उत्साह के साथ फूल वर्षा कर संगत का स्वागत किया।
सुबह से ही समिति के सदस्य सेवा कार्यों में जुट गए थे। नगर कीर्तन जब लुधियाना के मुख्य मार्गों से होकर गुज़रा, तब सैफी संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने विशाल लंगर की व्यवस्था कर आए हुए श्रद्धालुओं को भोजन कराया। इसके साथ ही नगर कीर्तन में शामिल गुरु प्रेमियों पर फूल बरसाते हुए भाईचारे और सर्वधर्म सद्भाव का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर समिति के प्रमुख सदस्य मेहर दीन सैफी, रिजवान सैफी, हाजी गफ्फार सैफी, दिलशाद सैफी, इरशाद सैफी, रियाज़ सैफी, नूर आलम सैफी, पप्पू सैफी, महबूब सैफी, नौशाद सैफी, मुख्तार अहमद, मुकीम सैफी, नसीम सैफी और फखरुद्दीन सैफी समेत बड़ी संख्या में टीम के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने सेवा को ही सर्वोच्च धर्म बताते हुए गुरु तेग बहादुर जी के त्याग और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान समिति ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस हमें मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और त्याग का संदेश देता है। इसी प्रेरणा से हर वर्ष सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़े।
संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण और श्रृद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय नागरकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।





