बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ चौकी इंचार्ज बलईगांव अनिल यादव पर एक प्रतिष्ठित व्यापारी ने उत्पीड़न, धमकी, गाली-गलौज और पिटाई के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, बीते दिन उसकी कार में एक पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी। इसी विरोध में वह गाड़ी ठीक कराए जाने की मांग कर रहा था, लेकिन उल्टा उसी पर चौकी इंचार्ज द्वारा दबाव बनाया गया।
व्यापारी का आरोप है कि चौकी इंचार्ज अनिल यादव ने घटना के दौरान न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि पीड़ित को धमकाते हुए जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की चेतावनी दी। व्यापारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले पिकअप चालक को चौकी इंचार्ज ने आगे मिल जाने की बात कहकर मौके से जाने दिया, जबकि उसी के साथ अभद्रता की गई।
पीड़ित व्यापारी का दावा यह भी है कि चौकी इंचार्ज अनिल यादव पूर्व में अमृतपुर चौकी, मूर्तिहा में तैनाती के समय भी उससे किसी विशेष डिमांड को पूरा न करने पर व्यक्तिगत खुन्नस निकालते थे। व्यापारी के मुताबिक यह पूरा मामला वर्दी के रौब और शक्ति के दुरुपयोग का प्रतीक है, जिसमें पीड़ित को न्याय दिलाने के बजाय उसका शोषण किया गया।
पीड़ित ने अब इस पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों को भेजकर कड़े एक्शन की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज की कार्यप्रणाली से क्षेत्र में आम जनता दहशत में है और ऐसे अधिकारी कानून-व्यवस्था के लिए खतरा हैं।
फिलहाल मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र का है और पीड़ित द्वारा की गई शिकायत के बाद अब सभी की निगाहें उच्च अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।





