
ग्राम गढ़ी पट्टी, होडल में शुक्रवार को शहीद वीर महेंद्र की द्वितीय पुण्यतिथि पर सैनिक सेवा समिति, पलवल की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
समिति के सदस्यों ने शहीद महेंद्र के परिजनों से मुलाकात कर उनके साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। ग्रामीणों ने भी समारोह में भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज कर शहीद परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया और सैनिक सेवा समिति के इस पहल की सराहना की।

सैनिक सेवा समिति के अध्यक्ष सतवीर ने बताया कि समिति का प्रमुख उद्देश्य राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करना और सेवारत व भूतपूर्व सैनिकों के बीच एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति लगातार शहीद परिवारों के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। वर्तमान में समिति के सेवा कार्य पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोहना और नूंह जिलों में सक्रिय रूप से संचालित हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों तथा नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिक राष्ट्र की असली ढाल हैं और उनके बलिदान को देश कभी भूल नहीं सकता।
सभी ने शहीद महेंद्र को शत्-शत् नमन करते हुए “वीर शहीदों अमर रहें” के जयघोष के साथ श्रद्धांजलि सभा का समापन किया।





